चूरू। जिले के साहवा थाना क्षेत्र के रैयाटुंडा गांव में एक खेत से नवजात शिशु का शव मिलने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण सुबह खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक कुत्ते को कुछ मुंह में दबाकर ले जाते हुए देखा। जब ग्रामीण पास पहुंचे तो पता चला कि वह एक नवजात शिशु का शव था। ग्रामीणों ने तुरंत कुत्ते से शव को छुड़वाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर साहवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
विज्ञापन
डीएनए जांच के जरिए होगी पहचान की कोशिश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नवजात की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए जाएंगे। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन और कब छोड़कर गया। मामले की जांच के लिए आसपास के गांवों में भी पूछताछ की जा रही है।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।





