सरदारशहर न्यूज़। चूरू जिले के सरदारशहर क्षेत्र से वन्यजीव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 मृत गोह, यानी मॉनिटर लिजार्ड, बरामद की गई हैं।

जंगलों से गोह पकड़कर तस्करी की आशंका

वन विभाग को सूचना मिली थी कि सरदारशहर क्षेत्र के जंगलों से गोह को पकड़ा जा रहा है। इसके बाद उनकी हत्या कर अवैध तस्करी किए जाने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही विभाग की टीम हरकत में आई और कार्रवाई को अंजाम दिया।

भैरव सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

क्षेत्रीय वन अधिकारी भैरव सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखन पुत्र सूरज, निवासी सरदारशहर और राजकुमार पुत्र श्रवण, निवासी हनुमानगढ़ के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के कब्जे से 9 मृत गोह बरामद की गईं। बरामदगी के बाद वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

इस मामले को वन विभाग सामान्य कार्रवाई नहीं मान रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि इसके पीछे वन्यजीव तस्करी से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क हो सकता है।

विज्ञापन

अधिकारियों के अनुसार, यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी लंबे समय से वन्यजीवों के शिकार और तस्करी में शामिल थे। बड़ी संख्या में वन्यजीवों के शिकार की आशंका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गोह का शिकार कानूनन अपराध

गोह संरक्षित वन्यजीवों में शामिल है। इसका शिकार करना, मारना, बेचना या तस्करी करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में वन विभाग की कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से बेहद अहम मानी जाती है।

टीम में इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में वनपाल निर्मला राज प्रजापत, वनपाल सुरेंद्र और वन्यजीव प्रेमी महेश पारीक की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

फिलहाल वन विभाग आरोपियों से पूछताछ कर रहा है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि मृत गोह कहां से लाई गई थीं, इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

Churu Times पर पढ़ें सरदारशहर न्यूज़, चूरू क्राइम न्यूज़ और Sardarshahar News Today की ताजा अपडेट।