शीतला चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने पकड़ा; आरोपी से हथियार के स्रोत को लेकर पूछताछ
चूरू। कोतवाली थाना पुलिस ने सरदारशहर निवासी 22 वर्षीय कैलाश सोनी को देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव 2026 को देखते हुए ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक झरिया मोरी क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहा है।
विज्ञापन
शीतला चौकी के सामने की नाकाबंदी
कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया के अनुसार सूचना के बाद शीतला चौकी के सामने नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद गोयनका स्कूल की ओर से आ रही अपाचे मोटरसाइकिल को रोककर चालक की तलाशी ली गई।
पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान कैलाश के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर हथियार और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लाया और उसे रखने का उद्देश्य क्या था।
कार्रवाई में एएसआई सुरेश कुमार सहित कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।





