जोधपुर। राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने दो निजी बसों में आग लगाने के मामले में भूपेंद्र सिंह और हीरसिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार भूपेंद्र सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दोनों से मामले में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, चौपासनी और कायलाना क्षेत्र में खड़ी दो निजी बसों में आग लगाने की घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। दोनों बसें महिपाल सिंह की बताई गई हैं। घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई।
बस मालिक ने रंजिश का लगाया था आरोप
बस मालिक महिपाल सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बस संचालन से जुड़ी प्रतिस्पर्धा और रंजिश के चलते वाहनों को आग लगाए जाने का आरोप लगाया था। शुरुआती जांच में भी पुलिस ने रूट विवाद और आपसी रंजिश सहित अलग-अलग पहलुओं को जांच में शामिल किया था।
विज्ञापन
इन आरोपों को लेकर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और संदिग्धों की तलाश शुरू की।
दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने गिंगाला निवासी भूपेंद्र सिंह और जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र निवासी हीरसिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है और वे अन्य मामलों में भी वांछित थे। भूपेंद्र सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से बसों में आग लगाने के मामले में पूछताछ कर रही है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।





