पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के दौरान लोनावाला पुलिस ने रितेश हांगे नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रितेश का संबंध मामले में पहले से गिरफ्तार चेतन चौधरी से है। पुलिस अब उसकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मावल तालुका स्थित लोहागढ़ किले पर 18 जून को केतन अग्रवाल की हत्या हुई थी। शनिवार को हुई रितेश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस को संदेह है कि उसे कथित हत्या की योजना की जानकारी हो सकती थी और वह सिया गोयल तथा चेतन चौधरी के संपर्क में था।
विज्ञापन
जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रितेश को मामले की कितनी जानकारी थी और क्या उसने किसी तरह आरोपियों की मदद की थी। उसकी भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है।
सिया गोयल और चेतन चौधरी पहले से गिरफ्तार
पुलिस इस मामले में 20 वर्षीय सिया गोयल और 22 वर्षीय चेतन चौधरी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक सिया की शादी नवंबर में केतन अग्रवाल से होने वाली थी।
पुलिस को संदेह है कि सिया इस रिश्ते से खुश नहीं थी और इसी वजह से उसने चेतन के साथ मिलकर केतन की हत्या की कथित योजना बनाई। इस मामले में पुलिस अब रितेश हांगे की भूमिका समेत हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





