30 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती; जहरीली शराब की आशंका, नमूने जांच के लिए भेजे
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में शराब पीने के बाद 11 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। 30 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
बराज गांव और आसपास के इलाकों में शनिवार, 5 सितंबर की रात शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी। उल्टी और मितली की शिकायत होने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
मौतों के पीछे जहरीली शराब की आशंका जताई जा रही है। सागर एसपी अनुराग सुजानिया के मुताबिक, मौतों का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आबकारी विभाग की टीम ने बराज की एक शराब दुकान से बोतलें एकत्र कर नमूने जांच के लिए भेजे हैं। प्रशासन यह पता लगा रहा है कि शराब की आपूर्ति कैसे हुई और किन परिस्थितियों में लोगों की तबीयत बिगड़ी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया के अनुसार, डॉक्टरों और नर्सों की टीमें प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर बीमार लोगों की पहचान कर रही हैं। जरूरत के अनुसार मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्रभावित क्षेत्र में पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान शराब पीने वाले लोगों से चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की है। उन्होंने लक्षण दिखाई देने पर सिविल अस्पताल या अन्य स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने को कहा है।





