कोलाबा के नेवी नगर स्थित सरकारी आवास में मिला परिवार; मुंबई पुलिस ने दर्ज की ADR, मौतों की परिस्थितियों की जांच जारी
झुंझुनूं/मुंबई। झुंझुनूं जिले के ककराना गांव निवासी भारतीय नौसेना के जवान पूरणमल मेहरा और उनके परिवार के तीन अन्य सदस्य मुंबई में मृत मिले। इनमें उनकी पत्नी, तीन साल का बच्चा और दो महीने का शिशु शामिल हैं। घटना दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित नेवी नगर के सरकारी आवास की है।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार पूरणमल का शव आवास में फंदे से मिला, जबकि पत्नी और दोनों बच्चे कमरे में मृत पाए गए। पत्नी और बच्चों की मौत में किसी जहरीले पदार्थ की संभावना की जांच की जा रही है। मौत का अंतिम कारण मेडिकल और फॉरेंसिक जांच के आधार पर तय होगा।
संपर्क नहीं होने पर नौसेना अधिकारियों को दी सूचना
परिजनों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पूरणमल फोन का जवाब नहीं दे रहे थे। इसके बाद परिवार ने नौसेना के अधिकारियों से संपर्क किया। आवास की जांच किए जाने पर परिवार के चारों सदस्य मृत मिले।
विज्ञापन
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले में Accidental Death Report (ADR) दर्ज कर घटना से पहले के घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पारिवारिक परिस्थितियों की भी जांच
प्रारंभिक पूछताछ में दंपति के बीच पारिवारिक विवाद की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस इस पहलू सहित अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। फिलहाल किसी विवाद को घटना का निश्चित कारण नहीं माना गया है।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार पूरणमल वर्ष 2015 में भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे। उनकी शादी वर्ष 2020 में सीकर जिले के खंडेला क्षेत्र की ओमा से हुई थी।
पूरणमल का परिवार मूल रूप से झुंझुनूं जिले के ककराना गांव का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।





