सरदारशहर। चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र के दूलरासर गांव में खेत से ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते पहले लोडर से ट्रैक्टर को टक्कर मारी गई और इसके बाद युवक पर लाठी और सरियों से हमला किया गया।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक को सरदारशहर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे चूरू रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बीकानेर भेज दिया।

घायल युवक की बहन मोनिका के अनुसार, उसका 25 वर्षीय भाई अनिल सिंह दोपहर करीब 12 बजे खेत से ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने कथित रूप से उसका रास्ता रोक लिया।

विज्ञापन

परिजनों ने बीरबल, गिरधारी, दिलीप, सुरेंद्र, श्रवण और दो-तीन अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पहले लोडर से ट्रैक्टर को टक्कर मारी गई, जिससे ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर में तोड़फोड़ करते हुए अनिल के साथ लाठी और सरियों से मारपीट की गई।

हमले में अनिल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सरदारशहर के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल को चूरू के राजकीय भरतिया अस्पताल रेफर कर दिया।

चूरू में जांच और उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बीकानेर रेफर किया गया। अस्पताल की इमरजेंसी से मारपीट की सूचना अस्पताल चौकी पुलिस को दी गई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में पुलिस का आधिकारिक बयान और एफआईआर से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।