मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस कार्रवाई; मादक पदार्थ और कार जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

सरदारशहर। चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 144 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। मामले में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मेगा हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पल्लू की ओर से आ रही एक कार को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस का कहना है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय आगे निकलने का प्रयास किया, जिसके बाद टीम ने कार को रोक लिया।

कार की जांच में मिला मादक पदार्थ

पुलिस के अनुसार, वाहन की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड के भीतर रखी 144 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद मादक पदार्थ को जब्त कर कार को भी पुलिस कब्जे में लिया गया।

विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम पुत्र दिलशाद खान मिरासी, उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड संख्या 9, रावतसर के रूप में बताई गई है।

सरदारशहर थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, कार्रवाई मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच भानीपुरा थानाधिकारी मंगूराम को सौंपी गई है।

कार्रवाई में एसआई ओमप्रकाश यादव सहित सरदारशहर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल नवीन कुमार की भी कार्रवाई में भूमिका रही।