चूरू में विधायक हरलाल जी सहारण का जन्मदिन बेहद भावुक और प्रेरणादायक अंदाज़ में मनाया गया। देपालसर रोड स्थित मधुर स्पेशल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के साथ खुशियां साझा कर समाज सेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और स्कूल स्टाफ मौजूद रहे। समाजसेवी इल्यास नसवान भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि इल्यास नसवान पूर्व में दिव्यांग बच्चों के लिए 1 बीघा भूमि दान कर चुके हैं, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना हुई थी। यह भूमि बच्चों की शिक्षा और भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दी गई थी।
विधायक हरलाल जी सहारण ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ समय बिताया और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बच्चों को स्टेशनरी सामग्री, किताबें, पानी की बोतलें तथा खेल सामग्री वितरित की गई, जिनमें फुटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन किट शामिल रही। बच्चों के साथ केक काटकर और फल वितरित कर जन्मदिन मनाया गया।
विज्ञापन
अपने संबोधन में विधायक हरलाल जी सहारण ने कहा कि समाज की असली ताकत सेवा और संवेदनशीलता में होती है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी से कम नहीं हैं और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए समाज को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, खेल और बेहतर सुविधाओं के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर श्रेयांश सहारण, पवन गुर्जर और सुनील ढाका सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। स्कूल प्रशासन ने विधायक और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
चूरू में आयोजित यह कार्यक्रम केवल जन्मदिन समारोह नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवता का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।





