चूरू। बीदासर थाना क्षेत्र के रूपेली गांव के पास एक 32 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार से हमला और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को राजकीय टांटिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने पीड़ित की लिखित रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में दूकर निवासी रामलाल जाट ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह गोपालपुरा से दवा लेकर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। आरोप है कि रूपेली मोड़ स्थित शराब ठेके के सामने तीन-चार लोगों ने उसे रोक लिया।
हाथ पर धारदार हथियार से वार करने का आरोप
रामलाल के अनुसार, रास्ता रोकने वाले लोगों में से एक ने उसके हाथ पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में वह घायल हो गया और उसकी बाइक सड़क पर गिर गई।
पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप मौके पर पहुंची। उसमें से चार-पांच लोग नीचे उतरे और उसके साथ मारपीट करने लगे। रामलाल के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर आने लगे।
विज्ञापन
ग्रामीणों को आता देखकर पिकअप से निकले हमलावर
रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीणों को आता देखकर हमले में शामिल लोग बोलेरो पिकअप में बैठकर मौके से चले गए। घायल रामलाल अपने भाई की मदद से बीदासर पुलिस थाने पहुंचा।
थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे इलाज के लिए राजकीय टांटिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रामलाल को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बीदासर पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल प्रेमाराम को सौंपी गई है। घटना में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: बीदासर में लोन विवाद को लेकर मुथूट फाइनेंस कर्मचारी से मारपीट, जानें पूरा मामला





