राजस्थान के स्कूलों का दौरा करने की तैयारी; कहा- बताए गए स्कूलों को भी देखने पहुंचेगी टीम
जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आशुतोष रांका ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को सार्वजनिक चुनौती देते हुए उनके कार्यकाल के 10 बेहतर सरकारी स्कूलों की जानकारी मांगी है। रांका ने कहा कि उनकी टीम आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न स्कूलों का दौरा करेगी और शिक्षा मंत्री की ओर से बताए गए स्कूलों को भी देखना चाहेगी।
रांका ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में बताया कि वह तीन दिन बंगाल में बिताने के बाद जयपुर लौट रहे हैं। इसके बाद टीम के साथ राजस्थान के स्कूलों में जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने की योजना है।
विज्ञापन
‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के बीच आया बयान
CJP की ओर से हाल के दिनों में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सरकारी स्कूलों की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में रांका ने शिक्षा मंत्री से ऐसे 10 सरकारी स्कूलों के नाम सार्वजनिक करने को कहा है, जिन्हें उनके कार्यकाल में बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थाओं वाले स्कूलों के उदाहरण के रूप में दिखाया जा सके।
रांका का यह बयान सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर हाल में जारी निर्देशों के बाद सामने आया है। इन निर्देशों के तहत स्कूल परिसर में प्रवेश और रिकॉर्डिंग के लिए संस्था प्रधान की अनुमति की व्यवस्था की गई है।





