सुजानगढ़। सुजानगढ़ के राजकीय बगड़िया अस्पताल में रात के समय बिजली आपूर्ति ठप होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही। तेज उमस के बीच वार्डों में भर्ती मरीज और उनके साथ मौजूद परिजन परेशान नजर आए।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में दो जनरेटर उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें समय पर चालू नहीं किया गया। बिजली आपूर्ति बंद रहने से वार्डों में मौजूद मरीजों को काफी दिक्कत हुई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे परिजनों द्वारा रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद राजकीय बगड़िया अस्पताल सुजानगढ़ की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल जैसी जरूरी जगह पर बिजली जाने की स्थिति में बैकअप व्यवस्था तुरंत शुरू होनी चाहिए, ताकि भर्ती मरीजों को परेशानी न हो।

इसी दौरान अस्पताल के महिला वार्ड में श्वान घूमने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। इन तस्वीरों के बाद अस्पताल में सफाई, सुरक्षा और वार्ड व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

विज्ञापन

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल की व्यवस्थाओं पर जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से बिजली बैकअप व्यवस्था दुरुस्त करने और वार्डों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। प्रशासन का पक्ष मिलने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।

चूरू टाइम्स स्थानीय मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाता रहेगा।

यह भी पढ़ें: सुजानगढ़ में ड्रॉपआउट छात्र को मिली फ्री किताबें, पढ़ाई जारी रखने में मिलेगी मदद