राजकीय फतेहपुरिया मातृ अस्पताल के प्रवेश द्वार पर हुआ हादसा, बगड़िया अस्पताल में उपचार जारी
सुजानगढ़। राजकीय फतेहपुरिया मातृ अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार का छज्जा अचानक गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला अस्पताल में प्रवेश कर रही थी, तभी छज्जे का मलबा उसके सिर पर गिर गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को संभाला और उपचार के लिए बगड़िया अस्पताल पहुंचाया। महिला का इलाज जारी बताया जा रहा है। उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
विज्ञापन
राजकीय फतेहपुरिया मातृ अस्पताल पुराने ट्रॉमा सेंटर के भवन में संचालित बताया जा रहा है। हादसे के बाद अस्पताल भवन की स्थिति और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल भवन की तकनीकी जांच कराने, कमजोर हिस्सों की मरम्मत करने और हादसे की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। इसके साथ ही अस्पताल को सुरक्षित भवन में स्थानांतरित करने की मांग भी उठी है।
छज्जा गिरने के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा विभाग की प्रतिक्रिया मिलने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।





