चूरू। जिले के सुजानगढ़ क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस यानी DRI की अहमदाबाद जोनल यूनिट ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो 800 ग्राम हाथी दांत बरामद किया है।

बरामद हाथी दांत छह टुकड़ों में था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।

गौपालपुरा रोड पर हुई कार्रवाई

क्षेत्रीय वन अधिकारी ओकेश यादव ने बताया कि DRI की टीम ने सुजानगढ़ के गौपालपुरा रोड पर कार्रवाई करते हुए हाथी दांत बरामद किया।

कार्रवाई के बाद DRI ने वन विभाग को मामले की सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जब्त हाथी दांत को अपने कब्जे में लिया।

वन विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया है।

विज्ञापन

बीदासर, तारानगर और कोटपूतली के रहने वाले हैं आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार चार आरोपियों में से दो बीदासर, एक तारानगर और एक कोटपूतली का निवासी है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हाथी दांत कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

वन विभाग और DRI की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, हाथी दांत की बरामदगी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

जांच में वन्यजीव तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और तस्करी की पूरी कड़ी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि आगे की जांच में बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है।

चूरू और सुजानगढ़ की ताजा स्थानीय खबरों के लिए पढ़ते रहें चूरू टाइम्स