श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में महिला हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी फूलचंद को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी पिछले करीब चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। मृतका के नाबालिग पुत्र की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतका और आरोपी के बीच विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन और थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्ध वाहनों की जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।

विज्ञापन

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को करीब 600 किलोमीटर दूर कोटा से पकड़ लिया। पुलिस टीम की इस कार्रवाई में एएसआई देवाराम सहित कांस्टेबल पुनीत कुमार और रविन्द्र की अहम भूमिका रही।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात किन परिस्थितियों में हुई और हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

स्थानीय खबरों, क्राइम अपडेट्स और राजस्थान की ताजा जानकारी के लिए चूरू टाइम्स के साथ बने रहें।